संस्कारों की विरासत को नमन” – समाज के वरिष्ठ युगलों का अभिनंदन 1 मार्च को

रतलाम। जिस समाज की जड़ें अपने वरिष्ठजनों के अनुभव, त्याग और संस्कारों से सींची जाती हैं, वह समाज सदैव प्रगति के पथ पर अग्रसर रहता है। इन्हीं भावनाओं को आत्मसात करते हुए अग्रवाल सेवा समिति रतलाम द्वारा समाज के वरिष्ठ युगलों के सम्मान में एक भावपूर्ण अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 1 मार्च, रविवार को दोपहर 2 बजे से अग्रसेन वाटिका, रतलाम में समाज के 60 से अधिक वरिष्ठ युगलों का सार्वजनिक सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। यह आयोजन केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पीढ़ियों के बीच संस्कारों के सेतु को सुदृढ़ करने का एक विनम्र प्रयास है। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती नीता सुरेशचंद्रजी अग्रवाल (अध्यक्ष, अग्रवाल महासभा महिला मंडल) एवं श्री महेशजी अग्रवाल (अध्यक्ष, अग्रसेन सोशल ग्रुप) की विशेष उपस्थिति रहेगी। समिति का मानना है कि हमारे वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन संघर्ष, पारिवारिक मूल्यों के प्रति समर्पण और समाज के प्रति योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका सम्मान करना, वास्तव में हमारी संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करना है।
सेवा ही समिति का मूल मंत्र
अग्रवाल सेवा समिति रतलाम वर्षभर निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा में सक्रिय रहती है। समिति द्वारा— आवश्यकता पड़ने पर रक्त की त्वरित व्यवस्था, मरीजों के लिए मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराना, दुःख की घड़ी में शव पेटी की व्यवस्था, एवं अंतिम संस्कार की संपूर्ण व्यवस्था जैसे सेवा कार्य सतत रूप से किए जाते हैं।
समिति का उद्देश्य है कि समाज का कोई भी परिवार आवश्यकता की घड़ी में स्वयं को अकेला महसूस न करे।
वरिष्ठ युगलों के सम्मान का यह अनूठा आयोजन समिति द्वारा पहली बार किया जा रहा है, जो समाज में आपसी आत्मीयता, एकता और संस्कारों के संरक्षण का संदेश देगा। समिति ने समाजजनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *