
रतलाम 27 फरवरी। तेरापंथ युवक परिषद, रतलाम के सहयोग से बाजना बस स्टैंड निवासी स्व. शांतिलाल श्रीमाल (आयु 78 वर्ष) का नेत्रदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके पुत्र पंकज श्रीमाल, पवन श्रीमाल एवं भतीजे मनोज श्रीमाल द्वारा सहमति प्रदान कर इस पुण्य कार्य को संपन्न कराया गया। परिवार के इस प्रेरणादायक निर्णय से दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी पहुंचेगी।
परिषद के समन्वय से डा. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज आई बैंक की टीम पहुँची व प्रक्रिया विधिवत पूर्ण की। परिषद अध्यक्ष मयूर गांधी ने बताया कि इस कार्य में अर्पित बाफना से सूचना प्राप्त होने पर मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनिता मुथा को सूचित किया गया। उनके निर्देशानुसार नेत्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रिशेन्द्र सिसोदिया के नेतृत्व में नर्सिंग ऑफिसर विनोद कुशवाह आदि आई बैंक टीम द्वारा मृतात्मा का कॉर्निया प्राप्त किया गया। पूरी टीम का इस सेवा कार्य में महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर परिवारजनों में पवन श्रीमाल, पंकज श्रीमाल, मनोज श्रीमाल, अर्पित श्रीमाल, दिलीप मांडोत, प्रवीण वोरा, अनिल बाफना, अर्पित बाफना एवं तेरापंथ युवक परिषद से पियूष दख व जयंत अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
परिषद ने परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नेत्रदान किसी के जीवन में उजाला ला सकता है। परिषद द्वारा शहर में निरंतर नेत्रदान जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस सेवा कार्य से जुड़ सकें।