756 मतदाता करेंगे जैन समाज के अध्यक्ष का चुनाव

15 मार्च को होगा मतदान; 132 मंदिरों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि करेंगे चयन, अंतिम मतदाता सूची जारी
इंदौर । दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष पद के चुनाव आगामी 15 मार्च 2026 को आयोजित किए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस चुनाव में कुल 756 मतदाता अध्यक्ष पद के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
संसद के मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इन 756 मतदाताओं में 132 जैन मंदिरों एवं जैन सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं, जो समाज के नए अध्यक्ष के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व याधीश श्री नरेंद्र कुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 30 दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त हुई थीं, जिनका विधिवत निराकरण कर लिया गया है। अंतिम मतदाता सूची शनिवार को निर्वाचन कार्यालय में प्रकाशित कर दी गई है।
मीडिया प्रभारी नेहा जैन एवं राजेश जैन ‘दददु’ ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 1 मार्च से प्रारंभ होगी। 2 मार्च को शाम 4:30 बजे के बाद किसी भी नामांकन पत्र को स्वीकार नहीं किया जाएगा। 3 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 5 मार्च को नाम वापसी की अंतिम तिथि के साथ प्रत्याशियों की अंतिम सूची कार्यालय में प्रकाशित की जाएगी।
मतदान 15 मार्च को उदासीन आश्रम, एमजी रोड, इंदौर (मप्र) में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संपन्न होगा। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना के पश्चात परिणाम घोषित किए जाएंगे।

निर्वाचन कार्यक्रम

अध्यक्ष पद का चुनाव: 15 मार्च 2026
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 28 फरवरी 2026
नामांकन फॉर्म जमा: 1 मार्च से 2 मार्च (2 मार्च को शाम 4:30 बजे के बाद फॉर्म स्वीकार नहीं होंगे)
नामांकन पत्रों की जांच: 3 मार्च 2026
नाम वापसी एवं प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन: 5 मार्च 2026
मतदान स्थल: उदासीन आश्रम, एमजी रोड, इंदौर, मप्र
मतदान समय: सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक
मतगणना एवं परिणाम: 15 मार्च 2026, शाम 5:00 बजे

समाज के इस महत्वपूर्ण चुनाव को लेकर जैन समुदाय में उत्साह का वातावरण है और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *