

जावरा (म.प्र.)। नगर के पहाड़िया रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवा केंद्र पर पुलिस विभाग एवं वन स्टॉप सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में महिला जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को समाज में व्याप्त कुरीतियों, हिंसा और अत्याचार के खिलाफ जागरूक करते हुए उन्हें सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित नगर पुलिस विभाग की सब इंस्पेक्टर शशिकला ने नारी सुरक्षा, घरेलू हिंसा, प्रताड़ना और बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट या शोषण की स्थिति में चुप रहने के बजाय तुरंत पुलिस और कानूनी सहायता लेना जरूरी है। पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी माया चौहान ने केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, कन्या अत्याचार और पारिवारिक विवादों से पीड़ित महिलाओं को यहां एक ही छत के नीचे निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाती है। पीड़ित महिलाओं की पांच दिनों तक विशेष काउंसलिंग की जाती है तथा उन्हें मानसिक, सामाजिक और कानूनी सहयोग दिया जाता है। यह सेवा पूरे देश में उपलब्ध है और पूरी तरह निःशुल्क है।
कार्यक्रम की शुरुआत में बी.के. सावित्री दीदी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय आज विश्व के 140 से अधिक देशों में लगभग 50 हजार से अधिक समर्पित बहनों के माध्यम से आध्यात्मिक सेवाएं दे रहा है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है।
इस दौरान बहन रश्मीत ने “कोमल है कमजोर नहीं, तू शक्ति का नाम ही नारी है…” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित महिलाओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में लगभग 50 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम उपाध्याय द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन शिव कन्या दीदी ने किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का संदेश दिया गया।