रतलाम । रतलाम जिले में महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष की आयु समूह की बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। जिले में बाल चिकित्सालय रतलाम, मेडिकल कॉलेज , सिविल अस्पताल आलोट और जावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली, पिपलोदा, ताल, सैलाना और बाजना पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक कुल 1064 बालिकाओं का वैक्सीनेशन किया गया है, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने अभियान की उपलब्धि की समीक्षा के दौरान प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी मैदानी कार्यकर्ताओं आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सी एच ओ के माध्यम से अभिभावकों को परामर्श प्रदान कर बालिकाओं को टीकाकरण केंद्र पर लाने के लिए कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अपने गांव में सबसे पहले शत प्रतिशत बालिकाओं का वैक्सीनेशन करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रति विकासखंड पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को मैदानी क्षेत्र में भ्रमण करके कार्य उपलब्धि में सकारात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने आवश्यक अंतर विभागीय समन्वय स्थापित करने एवं कार्य में होने वाली बाधाओ को दूर करते हुए परामर्श प्रदान कर भ्रांतियां दूर करने के निर्देश दिए। प्रभारी सीएमएचओ डॉ ए पी सिंह ने बताया कि जिले में प्रति गांव और वार्ड कार्यकर्ताओं द्वारा वैक्सीनेशन कराए गए हितग्राहियों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि रतलाम जिले में प्रतिदिन वैक्सीनेशन किया जा रहा है अर्थात कल गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी वैक्सीनेशन निरंतर किया जाएगा । बैठक मे मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ मिश्रा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील तथा विभिन्न विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर, बीपीएम, बीसीएम उपस्थित थे।