

जावरा(अभय सुराणा) । जावरा शहर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग दंपति घायल हो गए। घटना बस स्टैंड स्थित भारत गैस एजेंसी के सामने की है, जहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल दंपति की पहचान विष्णु पिता नंदलाल (57 वर्ष) एवं मंजू पति विष्णु (54 वर्ष), निवासी उपरवाड़ा के रूप में हुई है। दोनों सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक आई बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल रूम भोपाल द्वारा तत्काल थाना जावरा शहर की एफआरवी-09 को मौके पर रवाना किया गया। टीम में शामिल कांस्टेबल राकेश लोहार एवं पायलट मंगलेश्वर सूर्यवंशी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बिना देर किए घायलों को एफआरवी वाहन से सिविल अस्पताल जावरा पहुंचाया।
अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है। समय पर मिली पुलिस सहायता से घायलों को त्वरित इलाज मिल सका, जिससे उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग भी उठाई है।