नैत्रदान कर अमर हुईं स्व. मनोरमा देवी कोठारी, अंतिम विदाई में भी दी रोशनी की सोगात

जावरा (अभय सुराणा) । जावरा के प्रतिष्ठित एवं धर्मनिष्ठ कोठारी परिवार की 87 वर्षीय समाजसेवी स्व. श्रीमती मनोरमा देवी कोठारी ने अपने जीवन के अंतिम क्षणों में भी मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नैत्रदान किया। उनके इस प्रेरणादायक निर्णय से न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज में सेवा और दान की भावना को नई दिशा मिली है।
लायन्स क्लब जावरा के अध्यक्ष एमजेएफ यश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि लायन्स नैत्र चिकित्सालय के माध्यम से यह इस वर्ष का 10वां नैत्रदान है। स्व. मनोरमा देवी कोठारी ने अपने परिवार की सहमति से यह पुनीत कार्य किया, जो समाज के लिए एक प्रेरणा बन गया है।
इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि लायन्स क्लब जावरा द्वारा संचालित सेवा गतिविधियां सराहनीय हैं। विशेष रूप से नैत्रदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को दृष्टि प्रदान करना सबसे बड़ा परोपकार है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित लायन्स नैत्र चिकित्सालय जावरा प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और इस सेवा के लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है।
लायन्स नैत्र चिकित्सालय के पूर्व चेयरमैन लायन सुजानमल कोचट्टा ने बताया कि नैत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. यश हाड़ा एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक नैत्रदान की प्रक्रिया पूर्ण की। इस दौरान चिकित्सालय की ओर से कोठारी परिवार के वरिष्ठ सदस्य हिम्मत कोठारी, अमृत पगारिया एवं मन्नुदेव कोठारी को नैत्रदान प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
नेत्रदान समिति के चेयरमैन मनीष कोचर ने कोठारी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष लायन प्रदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन भी उपस्थित रहे।स्व. मनोरमा देवी कोठारी का यह महान कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सदैव याद किया जाएगा।

Play sound