निगम के विभिन्न विभागों के कार्यो की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश


रतलाम । नगर निगम की कार्यप्रणाली को ओर अधिक मुस्तैद करने हेतु महापौर प्रहलाद पटेल ने निगम आयुक्त अनिल भाना के साथ नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यो की समीक्षा करते हुए कार्यो को त्वरित गति से करने के निर्देश संबंधितों को दिये ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। दिनांक 30 अप्रैल गुरुवार को आयोजित बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल ने निर्देशित किया कि लक्कड़पीठा रोड़ निर्माण कार्य त्वरित गति से किया जाये, फ्रीगंज रोड़ निर्माण का कार्य सेंटर लाईन डालकर शीघ्र प्रारंभ किया जाये साथ ही कस्तुरबा नगर गली नम्बर 7 की सड़क निर्माण हेतु शीघ्र कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया जाये।
महापौर प्रहलाद पटेल ने आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर हेल्प लाईन में प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण कराये जाने के निर्देश दिये ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इसके अलावा ऐसे अवैध नल कनेक्शनधारी जो कि अपने नल संयोजन को वैध नहीं करा रहे है उनके कनेक्शन विच्छेद करने, पेयजल का अपव्यय करने वालो पर जुर्माना किये जाने तथा अवैध नल कनेक्शन करने वाले प्लम्बरों पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के निर्देश संबंधितों को दिये।
विकास कार्यो में ओर अधिक तेजी लाये जाने हेतु महापौर प्रहलाद पटेल ने निर्देशित किया संबंधित उपयंत्री अपने-अपने वार्डो में विकास कार्यो की नियमित निगरानी करेंगे ताकि विकास कार्यो को समय-सीमा में पूर्ण किया जा सकें।
महापौर प्रहलाद पटेल ने रतलाम नगर को स्वच्छ बनाये जाने हेतु निर्देशित किया कि ऐसे नागरिक जो कि अपने घर, दुकान व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निगम के संग्रहण वाहन में ना डालते हुए खुले में या नाले-नालियों में डालते है उन पर सख्ती से जुर्माना किया जाये।
आयोजित बैठक में उपायुक्त करूणेश दण्डोतिया, कार्यपालन यंत्री महेश सिरोहिया, राहूल जाखड़, सहायक यंत्री सुहास पंडित, अनवर कुरेशी, उपयंत्री, स्वास्थ्य अधिकारी राजेन्द्रसिंह पवांर, झोन प्रभारी व कर्मचारी उपस्थित थे।