जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर प्रस्फुटन समितियों की बैठक आयोजित

बावड़ी पूजन, कलश यात्रा और वृक्ष पूजन से दिया जाएगा जल संरक्षण का संदेश

रतलाम । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखण्ड रतलाम जिला रतलाम द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर जिलेभर में “जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम” के तहत जल संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जन अभियान परिषद द्वारा गठित प्रस्फुटन समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से जल गंगा संवर्धन अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप मिल रहा है, गंगा दशहरा पर प्रत्येक ग्राम एवं नगर में जल संरक्षण को लेकर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। इसके अंतर्गत बावड़ी पूजन, वृक्ष पूजन एवं कलश यात्राओं के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।
विकासखंड समन्वयक श्री शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने समितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी बावड़ी उत्सव, विश्व पर्यावरण दिवस एवं सामाजिक परिवर्तन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने समितियों से आह्वान किया कि प्रत्येक सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रथम चरण में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। नरेंद्र मोदी विचार मंच के जिला संयोजक रामलाल सोलंकी तथा जनपद पंचायत के समन्वयक अधिकारी सुशील आर्य एवं बब्बू सिंह सिसोदिया ने प्रशासन की ओर से अभियान की भूमिका एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
बैठक में उपस्थित जनों में नवांकुर संस्था प्रतिनिधि ओमप्रकाश पाटीदार, नरेंद्र श्रेष्ठ, परामर्शदाता मेघा क्षोत्रिय, प्रदीप बीडवाल, परामर्शदाता जितेंद्र पाटीदार, नवांकुर संस्था सचिव पूनम डलवानी सहित नवांकुर व प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी,विभिन्न ग्राम एवं नगरों के सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का संचालन परामर्शदाता जितेंद्र पाटीदार ने किया तथा आभार पूनम डलवानी ने माना।