रतलाम । मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ रतलाम संभाग का पहला संभागीय सम्मेलन आगामी 29 जून को श्रीमाली वास स्थित महालक्ष्मी परिसर ( किरण टॉकीज़ ) पर आयोजित होगा । सम्मेलन में रतलाम, मंदसौर एवं नीमच के सैकड़ों पत्रकार भाग लेंगे ।
उक्त जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष राजेश जैन ने बताया कि सम्मेलन में पत्रकारों का मार्गदर्शन करने मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ जी भदौरिया रतलाम आएंगे । श्री भदौरिया के साथ अन्य प्रदेश पदाधिकारी भी रतलाम पहुंचेंगे । श्री जैन ने बताया कि सम्मेलन में संभाग के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारों को आ रही समस्याओं पर चर्चा की जाएगी एवं उसके निराकरण हेतु शासन स्तर पर संघ द्वारा कार्यवाही किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा कर पारित किए जाएँगे । सम्मेलन में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है ।
श्री जैन ने बताया कि रतलाम जिला इकाई द्वारा पिछले वर्ष 2025 में ही 29 जून को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का सफल आयोजन किया जा चुका है । इसी दिन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्ताव के बाद प्रांताध्यक्ष शलभ जी भदौरिया द्वारा रतलाम , मंदसौर एवं नीमच को मिलाकर रतलाम संभाग की घोषणा की गई थी । रतलाम संभाग की घोषणा के बाद यह पहला संभागीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है । सम्मेलन में रतलाम, मंदसौर एवं नीमच जिले के करीब चार सौ पत्रकार शिरकत करेंगे । श्री जैन ने बताया कि आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है, आयोजन समिति का गठन कर दिया गया है ।