जैन दिवाकर परंपरा की साध्वी रत्न के अवतरण दिवस पर देशभर से मिल रही शुभकामनाएं

जावरा (अभय सुराणा)। श्रमण संघीय, जैन दिवाकरीय परंपरा की तेजस्वी साध्वी एवं दक्षिण चन्द्रिका, प्रभावशाली व्यक्तित्व की धनी परम पूज्या गुरुवर्या महासती डॉ. श्री संयमताजी म.सा. की सुशिष्या परम पूज्या डॉ. श्री कमलप्रज्ञाजी म.सा. का पावन जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।
इस शुभ अवसर पर अ.भा. जैन दिवाकर विचार मंच के राष्ट्रीय वरिष्ठ मार्गदर्शक अभय सुराणा एवं विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा पूज्य साध्वीजी के पावन चरणों में वंदन, नमन एवं अभिनंदन अर्पित किया गया। गुरु भक्ति से ओतप्रोत वातावरण में साध्वीजी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं धर्म प्रभावना की मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
पूज्य डॉ. श्री कमलप्रज्ञाजी म.सा. ने अपने प्रवचनों, संयममय जीवन एवं आध्यात्मिक प्रेरणाओं से समाज में धर्म, संस्कार और सद्भावना का संदेश दिया है। उनके सान्निध्य में अनेक श्रद्धालु आत्मकल्याण एवं धर्म आराधना के मार्ग पर अग्रसर हो रहे हैं।
जन्मोत्सव के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर धार्मिक आयोजन, गुरु वंदन, तप-अनुमोदना एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए गए। समाजजनों ने पूज्य साध्वीजी के जीवन को प्रेरणादायी बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय वरिष्ठ मार्गदर्शक अभय सुराणा राष्ट्रीय महामंत्री अभय श्रीमाल राष्ट्रीय प्रचार मंत्री निलेश बाफना सहित अनेक गणमान्यजनों ने शुभेच्छाएं प्रेषित कर पूज्य साध्वीजी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound