आनंदी हनुमान श्मशान घाट की रिटेनिंग वॉल अधूरी, वार्डवासियों ने भूख हड़ताल की दी चेतावनी

जावरा (अभय सुराण) । केंद्र सरकार की एसडीआरएफ 2.0 योजना के अंतर्गत आनंदी हनुमान श्मशान घाट पर निर्माणाधीन रिटेनिंग वॉल का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा होने पर वार्डवासियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। वार्ड निवासी ननीबाई धाकड़ ने राजस्व विभाग एवं प्रशासन को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया है कि कई बार शिकायतों और पत्राचार के बावजूद नगर पालिका द्वारा कार्य पूर्ण नहीं कराया जा रहा है

ज्ञापन में बताया गया है कि उक्त स्थल पर लगभग 360 मीटर रिटेनिंग वॉल का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन करीब 210 से 220 मीटर तक ही निर्माण किया गया है। दो वर्ष बीत जाने के बाद भी शेष कार्य अधूरा पड़ा है। इस संबंध में वर्ष 2024 से लेकर 2026 तक कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्य प्रारंभ कराने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ननीबाई धाकड़ ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुरूप नहीं किया गया तथा गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आई हैं।

उन्होंने दावा किया कि निर्माण की तस्वीरें और वीडियो उनके पास उपलब्ध हैं, जिनसे कार्य में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच की जा सकती है। उन्होंने रिटेनिंग वॉल निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग भी की है।वार्डवासियों का कहना है कि नगर पालिका को कई बार अवगत कराने के बावजूद केवल आश्वासन दिए गए और मामले में लीपापोती की गई। इससे जनता में रोष बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में वार्डवासियों ने आनंदी हनुमान श्मशान घाट पर 4 जून 2026, गुरुवार को सुबह 10 बजे से भूख हड़ताल एवं आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि नगर पालिका को तत्काल निर्देश देकर अधूरा निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। अन्यथा वार्डवासी आंदोलन और भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त, संयुक्त संचालक उज्जैन, जिला कलेक्टर रतलाम, जावरा विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound