बड़ावदा के इतिहास में जुड़ा नया अध्याय,पुलिस थाने को मिला आईएसओ अवॉर्ड

  • उप पुलिस महानिरीक्षक ने दिया प्रमाण पत्र, नगर परिषद की हुई प्रशंसा
  • जनप्रतिनिधियों, आमजन की कमी दिखी

बड़ावदा(शिरीष सकलेचा)। मंगलवार को बड़ावदा के इतिहास में एक नया अध्याय उस वक्त जुड़ गया जब स्थानीय पुलिस थाना को आईएसओ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। रतलाम रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में आईपीएस( प्रशिक्षु) थाना प्रभारी वैभव प्रिय को यह अवॉर्ड दिया।
समारोह के शुभारंभ में उप महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल आदि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन किया। अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेट कर वैभव प्रिय ने स्वागत किया। आईएसओ अवॉर्ड के बारे में जितेंद्र खंडेलवाल ने जानकारी दी।
थाना प्रभारी वैभव प्रिय ने बताया कि थाना परिसर में आरो वाटर कूलर लगाने के साथ , रिकॉर्ड प्रबंधन रिकॉर्ड रूम का वैज्ञानिक प्रबंध किया गया, माल खाना प्रबंधन में सुधार किया गया, वाहनों के लिए क्यू आर कोड के साथ व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम प्रारंभ किया गया, जनसंपर्क की सुविधा का विस्तार करते हुए इसके लिए भी क्यू आर कोड प्रारंभ किया गया जिससे वाहनों की जानकारी कोई भी प्राप्त कर सकता है,अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई है। जिससे आज हमें बड़ी सफलता मिली है।

उम्मीद पर खरा उतरे वैभव
एसपी अमित कुमार ने कहा कि मैने बड़ावदा थाने पर आईपीएस वैभव को इसी उम्मीद से भेजा था कि वे इस थाने को अपने ट्रेनिंग पीरियड में आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर नवाचार भी करेंगे। जो उन्होंने कर दिखाया।
उप महानिरीक्षक अग्रवाल ने कहा कि वैभव ने अपनी टीम के साथ इस थाने की काया पलट कर कम समय में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।जो बहुत कम अधिकारी कर पाते है। बड़ावदा थाने के आईएसओ होने से अपराधियों पर नकेल कसी जा सकेगी। भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम भी मिलेंगे। हाल ही में जो कैमरे लगाए उससे एक बड़ी चोरी ट्रेस करने में हमको सफलता मिलेगी।

नगर परिषद अध्यक्ष की हुई सरहाना
अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना राजेंद्र कुमावत व परिषद की सराहना करते हुए कहा कि परिषद ने भरपूर सहयोग कर पुलिस की मदद की जो प्रशंसनीय है। अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र कुमावत को अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया। विशेष सहयोगी राधेश्याम प्रजापत,खजुरिया का भी सम्मान किया गया। निमिष अग्रवाल एवं अमित कुमार ने वालीबाल खेलकर नए खेल मैदान व नवनिर्मित महिला डेस्क का भी शुभारंभ किया।संचालन भगवती प्रसाद शर्मा ने किया। परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान सीएसपी युवराज सिंह, एसडीओपी संदीप मालवीय, जिला योजना समिति सदस्य अनिल अवस्थी , पत्रकार, पुलिस स्टाफ आदि मौजूद था।

आमजन की रही कमी
बड़ावदा थाने की इतनी बड़ी उपलब्धि मिलने के बाद विभाग द्वारा कार्यक्रम तो अच्छे स्तर पर किया गया। लेकिन सूचना के अभाव में आमजन, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों की कमी साफ साफ दिखाई दी। पत्रकारों, पुलिस स्टाफ की संख्या ही अधिक दिखाई दी। संख्या की कमी के चलते कार्यक्रम भी विलंब से शुरू हुआ। सूचना नहीं मिलने से कई जनप्रतिनिधि नाराज भी दिखाई दिए। उनके मित्रों ने कार्यक्रम से फोन की सूचना भी दी लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound