

इंदौर (राजेश जैन दद्दू) । धर्म, समाजसेवा, एवं गर्भ संस्कार की गतिविधियों में सक्रिय इंदौर की विदुषी ममता खासगीवाला को जैन दर्शन पर आधारित जैन फिलासफी इन वस्तुत्व महाकाव्य विषय पर इंटरनेशनल झोराष्ट्रीयन कॉलेज मुंबई द्वारा पिछले दिनों मुंबई में आयोजित दीक्षांत समारोह में डॉक्टर आफ फिलासफी अर्थात पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि श्रंमण संस्कृति के महामहिम पट्टाचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज द्वारा रचित वस्तुत्व महाकाव्य 12 खंडों में विभाजित 1200 कविताओं का एक ऐसा महाकाव्य है जिसमें जैन धर्म, दर्शन अध्यात्म न्याय नीति, अहिंसा, शाकाहार, इतिहास, पुरातत्व, साहित्य, अनेकांत एवं स्याद्वाद और सापेक्षता के सिद्धांतों का मनोवैज्ञानिक पद्धति एवं काव्यों के माध्यम से निरूपण और रहस्योद्घाटन किया गया है । ममता खासगीवाला ने अपने शोध प्रबंध में वस्तुत्व महाकाव्य के माध्यम से भगवान महावीर के अनेकांत एवं स्याद्वाद, सप्त भंगी नय, अहिंसा और अपरिग्रह जैसे सिद्धांतों का विश्लेषण किया है एवं वस्तुत्व महाकाव्य को जैन दर्शन का विश्वकोश निरूपित किया है। आपका कहना है कि वस्तुत्व महाकाव्य केवल काव्य नहीं बल्कि जैन दर्शन की अद्भुत प्रयोगशाला है।
प्रख्यात गणितज्ञ एवं जैन विद्या विशेषज्ञ डॉक्टर अनुपम जैन इंदौर के निर्देशन एवं पटटाचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं मुनि श्री सुब्रत सागर जी एवं श्रुत संवेगी श्रमण मुनि आदित्य सागर जी महाराज के आशीर्वाद से संपन्न शोध प्रबंध भारतीय दर्शन की उस धारा को प्रकाश में लाता है जो विश्व शांति की कुंजी है।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार डॉ जैनेंद्र जैन ने कहा कि ममता मैडम को वस्तुत्व महाकाव्य पर पीएचडी मिलना जैन दर्शन एवं साहित्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि है। आपने कहा कि महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों के हिंदी विषय के पाठ्यक्रमों मैं वस्तुत्व महाकाव्य को सम्मिलित कर पढ़ाया जाना चाहिए
ममता खासगीवाला की इस उपलब्धि पर महावीर ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित कासलीवाल अष्टापद बद्रीनाथ के अध्यक्ष आदित्य कासलीवाल, वरिष्ठ समाजसेवी हंसमुख गांधी डॉक्टर जैनेंद्र जैन, आजाद जैन, टी के वेद, आनंद नवीन गोधा धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू, विपिन गांधी, सोशल ग्रुप फेडरेशन की संरक्षिका पुष्पा कासलीवाल, महिला परिषद इंदौर संभाग की अध्यक्ष मुक्ता जैन, साधना दगडे, रेखा जैन आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए ममता मैडम को बधाई दी।