विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को होगा विशाल रक्तदान शिविर, नागरिकों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील

रतलाम। रक्त की कमी के कारण कई मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता, वहीं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इसी जनजागृति और मानव सेवा के उद्देश्य से विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून, रविवार को जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक रतलाम में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय रेडक्रास सोसायटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर का आयोजन अंकित कटारिया AK एवं मित्र मंडल द्वारा किया जा रहा है। शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा। आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में दुर्घटनाग्रस्त मरीजों, प्रसूताओं, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे रोगियों तथा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्त की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसी परिस्थितियों में स्वैच्छिक रक्तदान ही रक्त बैंकों को पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती। स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह में रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है। एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद मरीजों को लाभ पहुंचाया जा सकता है, इसलिए रक्तदान को महादान कहा जाता है।
विश्व रक्तदाता दिवस केवल रक्तदान करने वालों के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर ही नहीं है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। आयोजकों ने जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थानों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस पुनीत अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी रतलाम के चेयरमैन प्रीतेश गादिया एवं संचालक मंडल ने भी जिलेवासियों से रक्तदान के इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और जरूरत पड़ने पर किसी अज्ञात रक्तदाता का रक्त ही किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा करता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से 14 जून को आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि “रक्तदान करें, जीवन बचाएं” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। आपका एक छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद के परिवार में नई उम्मीद और खुशियां लौटा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound