
रतलाम। डॉ. कैलास नाथ काटजू विधि महाविद्यालय रतलाम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष योग शिविर का आयोजन प्रात: 7:30 पर किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, स्टाफ और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य सत्र में योग प्रशिक्षक सहायक प्राध्यापक डॉ. सोना नागर द्वारा उपस्थित सभी लोगों को योग की विभिन्न मुद्राओं (आसनों) और प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया गया। विभिन्न योगासनों के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताते हुए इन्हें दैनिक जीवन में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया ।
इस गरिमामयी अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. जितेंद्र शर्मा, विजय मुवेल, हरेंद्र प्रताप सिंह, व्याख्याता मीनाक्षी बार्लो, श्रीमती कोमल सिंह, श्रीमती रंजू शर्मा एवं स्वाति छापरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही महाविद्यालय के गैर-शिक्षक स्टाफ से श्रीमती कमला पानोला, बंटू मेडा और रमेश सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और सामूहिक योग अभ्यास कर कार्यक्रम को सफल बनाया।