

अहमदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर सिवाँची मालाणी जैन संघ, अहमदाबाद (उत्तर) एवं योगा फॉर लाइफ के संयुक्त तत्वावधान में प्रथमबार योग अभ्यास कार्यक्रम अशोक विहार गार्डन, मोटेरा में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम योग प्रशिक्षिका वर्षाजी मिस्त्री के कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग में अत्यंत शांत, आनंदमय एवं सकारात्मक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संघ के संयोजक व मीडिया प्रभारी मुकेश आर. चौपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रविवार को आयोजित प्रातःकालीन इस स्वास्थ्यवर्धक आयोजन में समाज के अनेक परिवारों, युवाओं, वरिष्ठजनों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षिका वर्षाजी मिस्त्री ने उपस्थित जनों को नियमित योग के महत्व, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर उसके सकारात्मक प्रभाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज बंधुओं ने संघ द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को स्वास्थ्य, संस्कार एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ बनाते हैं। संघ के अध्यक्ष महावीर छाजेड़ ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि समाज एवं परिवारों से प्राप्त निरंतर सहयोग, समर्थन एवं सहभागिता के कारण ही समय-समय पर ऐसे उपयोगी, जनहितकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन संभव हो पाता है।
कार्यक्रम दरम्यान योग प्रशिक्षिका वर्षाजी मिस्त्री का सम्मान सिवाँची मालाणी जैन संघ अहमदाबाद (उत्तर) द्वारा किया गया ।
अंत में संघ के सचिव अशोक मांडोत ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी परिवारों, सहयोगियों एवं योग प्रशिक्षिका वर्षाजी मिस्त्री के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
संघ ने भविष्य में भी समाज के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने हेतु ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।