मंडी शुल्क वृद्धि के विरोध में कल बंद रहेगी रतलाम मंडी, व्यापारियों ने किया महासंघ के आह्वान का समर्थन

रतलाम, 22 जून। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क में की गई बढ़ोतरी के विरोध में कल, 23 जून (मंगलवार) को रतलाम कृषि उपज मंडी में व्यापार पूरी तरह ठप रहेगा। अनाज, दलहन एवं तिलहन व्यापारी महासंघ के प्रदेश व्यापी आह्वान पर रतलाम के सभी व्यापारी संघों ने एक दिवसीय बंद को अपना पूर्ण समर्थन दिया है। इस दौरान मंडी में किसी भी प्रकार की नीलामी और खरीदी कार्य नहीं होगा।
हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क को 1% से बढ़ाकर 1.5% कर दिया गया है। व्यापारियों का मानना है कि इस 0.5% की बढ़ोतरी से व्यापार और किसानों दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसी के विरोध में पूरे मध्य प्रदेश की मंडियों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
रतलाम मंडी के विभिन्न व्यापारी संगठनों दि ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र चत्तर एवं सचिव हितेश मेहता, मंडी व्यापारी संघ: अध्यक्ष राकेश लाठी एवं सचिव हितेश बाफना, मंडी युवा व्यापारी संघ: अध्यक्ष दिलीप मेहता एवं सचिव धर्मेंद्र माहेश्वरी, संघर्षशील लहसुन प्याज मंडी युवा व्यापारी संघ: अध्यक्ष नीलेश बाफना एवं सचिव प्रकाश जाधव, श्री रत्नपुरी लहसुन प्याज मंडी व्यापारी संघ: अध्यक्ष रितेश बाफना एवं सचिव पंकज अग्रवाल, पूर्व व्यापारी प्रतिनिधि: मनोज जैन आदि पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से सभी छोटे-बड़े व्यापारियों से इस बंद को सफल बनाने की अपील की है।
कल (23 जून, मंगलवार) मंडी में नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह बंद रहेगी। मंडी आने वाले किसान भाई इस बात का विशेष ध्यान रखें ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound