सिंहस्थ मेले की तैयारियों का जायजा के साथ ही मंडल रेल प्रबंधक ने किया उज्जैन – बाकानियां भौरी खंड का संरक्षा निरीक्षण

रतलाम, 23 जून। आगामी सिंहस्थ मेले के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं रेलवे व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्विन कुमार ने मंडल के सभी शाखा अधिकारियों के साथ बाकनिया-भौंरी से उज्जैन तक विंडो ट्रेलिंग एवं संरक्षा निरीक्षण किया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार निरीक्षण के दौरान सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, स्टेशनों पर अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत किये जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण के साथ ही पिंगलेश्वर, पवासा, नईखेड़ी तथा उज्जैन स्टेशनों पर सिंहस्थ मेले के लिए की जा रही तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अधोसंरचना विकास से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर सीहोर, शुजालपुर एवं मक्सी स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं उन्नयन कार्यों का भी मूल्यांकन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीहोर स्टेशन पर निर्माणाधीन क्राउड होल्डिंग एरिया (भीड़-रोकथाम क्षेत्र), जिसका निर्माण RITES द्वारा किया जा रहा है, का भी निरीक्षण किया गया इसके साथ ही सीहोर स्टेशन पर निर्माणाधीन 12मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का निरीक्षण कर समयबद्ध रूप से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सिंहस्थ मेले के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound