वार्ड क्रमांक 29 की शास्त्री कॉलोनी स्थित श्री साँवलिया सेठ मंदिर परिसर में हुआ आयोजन

जावरा (अभय सुराणा ) । भारत विकास परिषद शाखा, जावरा द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 की शास्त्री कॉलोनी स्थित श्री साँवलिया सेठ मंदिर परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सरदार पटेल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न प्रकार के रोगों से संबंधित परामर्श एवं उपचार सेवाएँ प्रदान की गईं, जिसका लाभ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने लिया। परिषद के अध्यक्ष शेखर नाहर ने बताया कि संस्था स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ नेत्रदान जागरूकता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही संस्था द्वारा नाक, कान एवं गला (ईएनटी) रोगों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री साँवलिया सेठ मंदिर में आयोजित वर्षगाँठ महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पधारे भागवताचार्य पंडित पवन जी शास्त्री का भारत विकास परिषद शाखा, जावरा द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया, कोषाध्यक्ष निलेश जोशी, संरक्षक डॉ. राजेन्द्र त्रिवेदी, गिरिराज उपाध्याय, विनोद चौरसिया, मनीष त्रिवेदी, अम्बाशंकर शिकारी सहित सरदार पटेल कॉलेज के चिकित्सक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव गोपाल सेठिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष निलेश जोशी ने व्यक्त किया।