

जावरा (अभय सुराणा) । श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति द्वारा आयोजित मैत्री मिलन समारोह में वरिष्ठ सदस्यों को स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा एवं योग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षित एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक शर्मा ने हृदय रोगों की बढ़ती समस्या पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान जीवनशैली, अनियमित खान-पान, तनाव एवं शारीरिक निष्क्रियता के कारण हृदय संबंधी बीमारियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना आना, सांस लेने में तकलीफ, बेचैनी तथा अचानक कमजोरी जैसे लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सकता है।
डॉ. शर्मा ने हृदयाघात (हार्ट अटैक) की स्थिति में तत्काल सहायता के महत्व को बताते हुए सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति रुक जाने की स्थिति में प्रारंभिक कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। सही तरीके से दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उपस्थित सदस्यों ने भी सीपीआर की प्रक्रिया को समझा और उससे संबंधित प्रश्न पूछे।
कार्यक्रम में ट्रैफिक इंचार्ज मोनिका सिंह ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं बल्कि स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, मोबाइल फोन के उपयोग से बचने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी।
मोनिका सिंह ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट वे स्थान होते हैं जहां बार-बार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे स्थानों पर विशेष सावधानी बरतना, निर्धारित संकेतकों का पालन करना तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को यातायात जागरूकता अभियान में सहभागी बनने का भी आह्वान किया।
योग प्रशिक्षक संजय सुराणा ने योग एवं प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरल योग क्रियाओं एवं प्राणायाम के लाभ बताए।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण एवं संचालन संस्था के अध्यक्ष अभय सुराणा ने किया। उन्होंने कहा कि समिति समय-समय पर ऐसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। इसके साथ ही संस्था द्वारा आगामी तीर्थ दर्शन संत दर्शन एवं श्री नाकोड़ा जी यात्रा के संबंध में जानकारी प्रदान करी। सुराणा ने यह भी बताया कि आगामी मैत्री मिलन समारोह बिबडोंद तीर्थ पर आयोजित किया जाएगा तथा विभिन्न मंदिरों में विराजित प्रभु दर्शनों का वह इसके साथ ही संत साध्वी जी के दर्शनों का भी सौभाग्य प्राप्त होगा।
समारोह के दौरान समिति के सदस्यों की विवाह वर्षगांठ भी एक अनोखे एवं आत्मीय अंदाज़ में मनाई गई इस विशेष कार्यक्रम का संचालन संयोजक प्रदीप सेठिया एवं संस्था के सबसे वरिष्ठ सदस्य आनंदीलाल संघवी ने किया।
इनकी मनाई विवाह वर्षगांठ
हेमंत हंसाजी जैन, संजय हंसा सुराणा आनंदीलाल सुमनजीजी लोढ़ा राजकुमार रमिलाजी धोका नेमीचंद विमला जैन, आनंदीलाल चमेलीजी संघवी मनोहर मधुबालाजी चतर सुशील सुनीता जी मेहता अशोक इन्द्राजी मेहता विजय कुमार विजय कुमार विजया जी आंचलिया अनिल अंजूजी धारीवाल अभय श्रीमान रिंगनोद राजेंद्र कोचर देवेंद्र धारीवाल सुरेश लुक्कड़ आदि को मनाई गई, सभी को गुड डे से मुंह मीठा कराया गया।
इस अवसर पर इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
बसंतीलाल चपडोद अनिल पावेचा डॉ सी एम मेहता प्रकाशचंद्र संघवी वर्धमान मांडोत श्रेणिक नांदेचा डॉ अशोक मंडलेचा अशोक लुक्कड़ सुभाष डूंगरवाल प्रकाश कोठारी अशोक झामर वीरेंद्र रांका कमल चपडोद अनिल श्रीश्रीमाल संतोष सांखला पुखराज चत्तर अमृत जैन आदि के साथ ही मातृशक्ति की उपस्थिति भी शानदार रही।
प्रारंभ में प्रार्थना श्रीमती त्रिशला नादेचा सुनीता मेहता ने प्रस्तुत करी एवं अंत में संस्था के कोषाध्यक्ष शेखर नाहर ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्था द्वारा आयोजित मैत्री मिलन समारोह ज्ञानवर्धक प्रेरणादाई एवं जनहितकारी रहा जिसकी उपस्थित सदस्यों ने मुक्त कंठ से सराहना करी।