पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में साइबर पीड़ितों को मिल रही राहत, छोटी राशि वाले मामलों में भी सक्रिय पहल
रतलाम । पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में रतलाम पुलिस साइबर ठगी के पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। साइबर अपराधों में बड़ी धनराशि वापस दिलाने के साथ-साथ अब ऐसे मामलों में भी विशेष पहल की जा रही है, जिनमें ठगी गई राशि अपेक्षाकृत कम होने के कारण पीड़ित उसे वापस प्राप्त करने की प्रक्रिया पर ध्यान नहीं दे पाते थे।
गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) द्वारा संचालित राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर उपलब्ध मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) पोर्टल के माध्यम से रतलाम पुलिस ने ऐसे पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उनकी ठगी गई राशि वापस दिलाने की पहल की है।
अब तक रतलाम पुलिस द्वारा 68 साइबर ठगी पीड़ितों को चिन्हित कर उनके बैंक खातों में लगभग ₹3.97 लाख की राशि सफलतापूर्वक वापस कराई जा चुकी है। यह पहल उन पीड़ितों के लिए विशेष रूप से राहतकारी साबित हो रही है, जिन्होंने समय पर शिकायत तो दर्ज कराई थी, लेकिन कम राशि होने के कारण आगे की प्रक्रिया में सक्रिय नहीं हो पाए थे।
कम राशि होने पर भी अब मिलेगा पूरा सहयोग– साइबर ठगी के मामलों में कई बार ₹2,000 से ₹5,000 अथवा उससे कुछ अधिक राशि की ठगी होने पर पीड़ित शिकायत तो दर्ज करा देते हैं, लेकिन न्यायालयीन प्रक्रिया या अन्य औपचारिकताओं के कारण राशि वापस लेने के लिए आगे नहीं बढ़ते। परिणामस्वरूप बैंक खातों में होल्ड की गई राशि लंबे समय तक वापस नहीं हो पाती।
रतलाम पुलिस ने ऐसे सभी मामलों की समीक्षा कर संबंधित पीड़ितों से संपर्क स्थापित किया तथा एमआरएम पोर्टल के माध्यम से उनकी राशि वापस कराने की प्रक्रिया पूर्ण कराई।
क्या है MRM पोर्टल?–
मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM), राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) का एक विशेष प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से साइबर ठगी के पीड़ित अपनी होल्ड की गई राशि वापस प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इस सुविधा का लाभ वही पीड़ित प्राप्त कर सकते हैं जिन्होंने—
▪️साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा NCRP पोर्टल पर समय रहते शिकायत दर्ज कराई हो।
▪️ठगी गई राशि संबंधित बैंक खातों में समय पर होल्ड (Freeze) कराई गई हो।
सराहनीय भूमिका– उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्र आर हिम्मत सिंह, आर राहुल पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम पुलिस की अपील– पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी के शिकार होते हैं, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि को होल्ड कराकर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
रतलाम पुलिस नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने एवं पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।