


रतलाम 30 जून। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के दाहोद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निर्मित किए जा रहे 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण कार्य शीघ्र गति से जारी है तथा फाउंडेशन निर्माण का कार्य पूर्ण होने के उपरांत गर्डर डालने का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। मुंबई–दिल्ली जैसे अत्यंत व्यस्त रेल मार्ग पर रेल परिचालन को प्रभावित किए बिना फुट ओवर ब्रिज का गर्डर सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया जो ट्रेन परिचालन से संबंधित विभिन्नस विभागों के समन्वय के कारण ही संभव हो सका है ।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों को आपस में जोड़ने के साथ ही दोनों ओर के सर्कुलेटिंग एरिया को भी जोड़ेगा, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म परिवर्तन के दौरान अधिक सुविधा एवं सुरक्षा प्राप्त होगी। इस एफओबी पर लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं एवं अन्य यात्रियों को आवागमन आसान होगा।
फुट ओवर ब्रिज की कुल लंबाई 71.20 मीटर है। इसके अंतर्गत प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 एवं 2 के मध्य केंद्र से केंद्र दूरी 27.95 मीटर तथा प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 एवं 4 के मध्य केंद्र से केंद्र दूरी 30.00 मीटर है। गर्डर लॉन्चिंग के पश्चात अब स्पैन निर्माण सहित अन्य संरचनात्मक कार्य चरणबद्ध रूप से किए जाएंगे। इस फुट ओवर ब्रिज के साथ 3 लिफ्ट का कार्य भी प्रगति पर है।
दाहोद स्टेशन पर विकसित किया जा रहा यह आधुनिक फुट ओवर ब्रिज यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि व्यस्त मुंबई–दिल्ली रेलखंड पर बिना ब्लॉक लिए गर्डर लॉन्चिंग का कार्य रेलवे अभियंताओं एवं कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता तथा समन्वित कार्यप्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण है।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण कर यात्रियों के उपयोग हेतु उपलब्ध करा दिया जाएगा। यह परियोजना दाहोद स्टेशन के आधुनिकीकरण तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।