
रतलाम 10 जुलाई। इनर व्हील क्लब रतलाम का 35वाँ शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में रेलवे अस्पताल की ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं। निवर्तमान अध्यक्ष बबीता श्रीवास्तव ने वंदना सोनी को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाकर कार्यभार सौंपा।
अपने प्रथम अध्यक्षीय उद्बोधन में वंदना सोनी ने कहा कि उनका कार्यकाल सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित रहेगा। क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनसेवा से जुड़े विविध कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करेगा।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना शर्मा ने कहा कि सेवा कार्यों के साथ-साथ समाज में संस्कार और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों के लिए मेंटल हेल्थ, पारिवारिक संवाद और सकारात्मक जीवन मूल्यों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष वंदना सोनी एवं सचिव साधना मूणत ने डॉ. अर्चना शर्मा का स्मृति-चिन्ह देकर सम्मान किया। समारोह में शिवानी भार्गव, निर्मला त्रिवेदी, संध्या पुष्पद, आर. गायत्री सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन शिवानी भार्गव ने तथा आभार सचिव साधना मूणत ने व्यक्त किया।