एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब के प्रयासों से औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित होगा पुलिस सहायता केंद्र, उद्योगों को मिलेगा सुरक्षित वातावरण

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी ने किया स्थल निरीक्षण

रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने तथा उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों एवं निवेशकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब (ECC) के प्रयासों से तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में एवं औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी के सहयोग से औद्योगिक क्षेत्र स्थित उद्योग भवन में शीघ्र ही पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए प्रस्तावित स्थल का प्रशासनिक निरीक्षण भी पूरा कर लिया गया है।
थाना प्रभारी सोनी ने उद्योग भवन पहुंचकर प्रस्तावित पुलिस सहायता केंद्र के स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधिमंडल के साथ औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान उद्योगपतियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा उद्योगों के लिए निवेश-अनुकूल वातावरण बनाए रखने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: पुलिस विभाग
थाना प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस विभाग उद्योगों एवं उद्यमियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। चोरी, असामाजिक गतिविधियों अथवा किसी भी प्रकार की सुरक्षा संबंधी समस्या के समाधान के लिए पुलिस विभाग सदैव उद्योग जगत के साथ तत्परता से खड़ा रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र के प्रारंभ होने से उद्यमियों, फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिकों एवं आमजन को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में पुलिस का ‘रिस्पॉन्स टाइम’ बेहतर होगा, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत व भरोसेमंद बनेगी।

सकारात्मक संदेश से बढ़ेगा निवेश
एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्लब लगातार औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और उद्योगों के समग्र विकास के लिए प्रशासन व पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर कार्य कर रहा है। पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना से न केवल स्थानीय उद्योगपतियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होगा, बल्कि नए निवेशकों को भी एक सकारात्मक संदेश मिलेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने जताया आभार
इस अवसर पर एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब के प्रतिनिधिमंडल में संदीप व्यास (अध्यक्ष, संभागीय उद्योग संघ), वरुण पोरवाल (प्रदेश सचिव, मालवा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज), वैभव कुमार जैन (अध्यक्ष, नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर) तथा उद्योगपति ललित चोपड़ा उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने इस दूरदर्शी पहल के लिए एमएसएमई (MSME) कैबिनेट मंत्री श्री चेतन्य काश्यप, जिला पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार एवं थाना प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने विश्वास जताया कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के उद्योगों और उनमें कार्यरत हजारों श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound