

रतलाम 17 जुलाई । सिंधु सेना श्री लाल सांई चालिहा महोत्सव समिति के तत्वावधान में सिंधी समाज के सबसे बड़े और आस्था के महापर्व पूज्य चालिहा महोत्सव का शुभारम्भ बड़े ही धुमधाम और हर्षोल्लास के साथ हुआ । कालिका माता मंदिर परिसर स्थित श्री झूलेलाल मंदिर प्रांगण में परम पूज्य श्री मनीषलाल सांई के दिव्य सानिध्य में आयोजित किया गया । जिसमें सिंधी समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ लिया । शुभारम्भ अवसर पर श्री सांई द्वारा बहिराणा साहिब को बनाया गया। उसमें सभी समाजजनों से अक्का (आहूति) डलवाई गई तथा ज्योत प्रज्वलित की गई । बहिराणा साहिब और भव्य ज्योत का संगम चाहिला महोत्सव के अन्तर्गत अत्यंत भावपूर्ण माहौल में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की गई और भव्य बहिराणा साहेब सजाया गया । इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा अनाज और खाद्य सामग्री की आहुतियां समर्पित की गई । सिंधी संस्कृति और जीव दया की अनूठी परंपरा को निभाते हुए बहिराणा साहेब के अन्तर्गत एक मटकी में चने, चावल और फल फ्रूट एकत्रित किए जाते है। जिसे बाद में जल में प्रवाहित किया जाता है । ताकी जलीय जीव जंतु को भोजन मिल सकें । इसके साथ ही आटे की पवित्र ज्योत बनाकर उसे फूलों की सेज से सजाकर जल में प्रवाहित किया जाता है मान्यता है कि जल और ज्योत के इसी पवित्र संगम में भगवान झूलेलाल जी का वास होता है ।
महाआरती एवं लंगर प्रसादी का आयोजन
महोत्सव के प्रथम दिन भगवान झूलेलाल जी की महाआरती की गई जिसमें पूरा पांडाल जय झूलेलाल और आयो लाल सबई चंवडो झूलेलाल के जयकारों से गुंजायमान हो उठा । इसके पश्चात विशाल लंगर प्रसादी का आयोजन किया गया। जिसमें सभी समाज जनों ने बड़ चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
समिति के रमेश चोयथानी ने बताया कि आगामी 25 अगस्त तक चलने वाले इस चालीस दिवसीय महापर्व में प्रतिदिन बाहिण साहिब ज्योत और भव्य भजन कीर्तन किए जाएंगे । साथ ही ‘अमर ग्रंथ’ कथा का पाठ भी किया जाएगा । इस दौरान 15 अगस्त सामूहिक बहिराणा साहेब और कृष्ण जन्मोत्सव भी बहुत धूमधाम से मनाया जाएगा। सिंधु सेना श्री लाल सांई चालिहा महोत्सव समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से प्रतिदिन होने वाले इन धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की ।