हरित भविष्य की ओर बढ़ा महेश्वरी प्रगति मंडल, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रतलाम। “एक पेड़, सौ पुण्य” की भावना को आत्मसात करते हुए महेश्वरी प्रगति मंडल, रतलाम द्वारा शास्त्री नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में प्रेरणादायी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जल संरक्षण के प्रति जनजागृति का संदेश देना था।
मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नीम, पीपल, आंवला, जामुन सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। वे हमें शुद्ध वायु, छाया, फल, औषधि और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हराभरा भारत मिल सकता है।
कार्यक्रम में जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी सार्थक चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल की जाएगी तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के इस जनआंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
महेश्वरी प्रगति मंडल अध्यक्ष हेमलता बिसानी सचिव अंतिम कचोलिया,राजकुमारी काबरा ,स्वाति मालपानी, विजयलक्ष्मी बाहेती ,मंजू झंवर, उमा राठी, सुनीता मालपानी, प्रेमलता मंत्री, साधना जैथलिया ,रेखा काबरा ,ललिता सोमानी ,निर्मला सोमानी, सीमा जागेटिया,ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पारिवारिक एवं सामाजिक अवसरों पर एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसकी देखभाल कर प्रकृति के प्रति अपना दायित्व निभाएँ। यही प्रयास आने वाले समय में एक हरित, स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण की मजबूत नींव बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound