- प्रथम गुरुदेव जिनदत्त सूरी जी का किया गुणानुवाद
- 29जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव होगा
- गुरु के प्रति हमेशा समर्पण एवं विनय का भाव रखे


जावरा । जंगम युगप्रधान, वृहद् भट्टारक, खरतरगच्छाधिपति जैनाचार्य 1008 श्रीपूज्य श्री जिनचंद्र सूरि जी महाराज साहब , सान्निध्यवर्ती भावी श्रीपूज्य श्री अमृत सुंदर जी महाराज साहब, यति श्री सुमति सुंदर जी महाराज साहब तथा आर्या श्री समकित प्रभा श्रीजी महाराज साहब का जावरा नगर में मंगल पदार्पण शुक्रवार को हुआ।पीपली बाजार स्थित मंदिर पर समाजजनों ने आपकी आगवानी की।श्री पूज्य जी को खरतरगच्छ श्री संघ जावरा द्वारा कांबली ओढ़ाई गई। तत्पश्चात एक धर्मसभा हुई।
अम्बिका रिसॉर्ट में हुआ प्रवेश….
श्री पूज्य जिनचंद्र सूरी जी आदि यति ,आर्या का पीपली बाजार से अंबिका रिसॉर्ट में शनिवार को प्रातः 9 बजे ढोल ढमाकों के साथ प्रवेश हुआ। सुराणा परिवार में गहुली कर अगवानी की।
विनय एवं समर्पण जरूरी…श्री पूज्य जिन चंद्र सूरी जी
इस अवसर पर दादा गुरुदेव जिनदत्त सूरी जी के 872 वे स्वर्गारोहण दिवस पर गुणानुवाद सभा का आयोजन हुआ। मंगलाचरण के पश्चात स्वागत गीत रानी सुराणा ने प्रस्तुत किया।
यति अमृत सुंदर जी, सुमती सुंदर जी, आर्या समकित प्रभा जी जी म.सा. ने दादा गुरुदेव जिन दत्त सूरी जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला एवं कहा कि सौभाग्य से ऐसे गुरु का हम सभी को सानिध्य मिला है। हम सभी को उनके बताए मार्गो पर चलकर सत्य साधना को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
श्री पूज्य जिन चंद्र सूरी जी ने कहा कि आध्यात्म नगरी जावरा में आने का अवसर समय-समय पर मिल रहा है।यंहा धर्म के साथ साधना के प्रति भी लोगों की जागरूकता है। आपने प्रथम गुरुदेव जिनदत्त सूरी जी के जीवन काल से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अपने गुरु के प्रति हमेशा विनय रखते हुए समर्पण की भावना रखते थे। सच्चा शिष्य वही होता है जो गुरु की आज्ञा का पालन करते हुए कितना ही बड़ा व्यक्ति बन जाय अपने अंदर अहंकार को नहीं आने देता है। संचालन सृष्टि बाठीया ने किया।आभार अभिनंदन सुराणा ने माना। नवकारसी का आयोजन अशोक कुमार,आशीष कुमार,अभिनंदन सुराणा परिवार द्वारा किया गया।इस अवसर पर जावरा के विभिन्न श्री संघों के प्रतिनिधि, आसपास के धर्मालुजन बड़ी संख्या में मौजूद थे। श्री पूज्य जिन चंद्र सूरी जी आदि की स्थिरता गुरु पूर्णिमा अंबिका रिसोर्ट में रहेगी। इस दौरान विभिन्न सत्रों में सत्य साधना की जाएगी।
बाल सत्य साधना शिविर…
मीडिया प्रभारी शिरीष सकलेचा ने बताया कि 27 जुलाई को प्रातः 9 से 11 बजे तक श्रीपूज्य जी के मंगल सान्निध्य में ‘बाल सत्य साधना शिविर’ आयोजित होगा। जिसमें 8 से 18 वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। 28 जुलाई को सायं 7 बजे भाव-भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध संगीतकार सिद्धार्थ डागा ‘पिंटू स्वामी’ अपनी भक्तिमय प्रस्तुति देंगे। इस दौरान श्रीपूज्य गुरुदेव के शिक्षा एवं संस्कार गुरु, स्वतंत्रता सेनानी यति श्री यतनलाल जी महाराज साहब के 50वें पुण्य-स्मरण वर्ष महोत्सव के अंतर्गत ‘परतंत्रता से परम मुक्ति’ शीर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति का मंचन भी होगा।
आयोजन समिति के अजय धाड़ीवाल, शैलेश चोपड़ा, शिरीष सकलेचा ने बताया कि 29 जुलाई को प्रातः 9 बजे गुरु पूर्णिमा महोत्सव विभिन्न आयोजनों के साथ मनाया जाएगा। जिसमें देश भर के गुरु भक्त उपस्थित होकर महोत्सव में सहभागी बनेंगे।