वर्षीतप कर रहे तपस्वियों का बहुमान, पारिवारिक महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां


जावरा (अभय सुराणा) । लायंस इंडिया जावरा द्वारा नवीन दायित्व ग्रहण समारोह, वर्षी तप तपस्वी बहुमान एवं वार्षिक पारिवारिक महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवगठित कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की तथा वर्षी तप की आराधना करने वाली तपस्वियों का सम्मान कर उनकी तपस्या की अनुमोदना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष रवि करनावट के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि लायंस इंडिया ने सदैव नवाचार के साथ सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी है। जीवदया, निर्धन विद्यार्थियों की सहायता तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक सेवा कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन किया गया है।
आयोजन समिति की सदस्य अलका मेहता, बबीता लुहाड़िया, प्रतिभा कांठेड़, रेखा पगारिया एवं ललिता नांदेचा ने इंद्रधनुषी तंबोला एवं रोचक गिलास रेस प्रतियोगिता का सफल संचालन किया। प्रतियोगिता में मनीष मनसुखानी ने प्रथम तथा लोमेश मनसुखानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सचिव राकेश जैन ने वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद ओस्तवाल ने आय-व्यय का वार्षिक विवरण सदन के समक्ष रखा। महिला शक्ति द्वारा पंजाबी थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप सेठिया, उपाध्यक्ष संजीव जैन, सचिव संदीप श्रीमाल, सहसचिव दिनेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनीष मनसुखानी, सह-कोषाध्यक्ष आनंद गर्ग, जन्मदिन-विवाह वर्षगांठ समिति संयोजक देवेन्द्र धम्माणी तथा यात्रा संयोजक प्रदीप खारीवाल का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात सभी पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। पारिवारिक महोत्सव में वर्षी तपस्वी श्रीमती नैना सेठिया एवं श्रीमती रेखा मेहता का शॉल, श्रीफल एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा उनकी तप आराधना की अनुमोदना की गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप सेठिया ने “अपनापन, सेवा और संस्कार” को अपना अध्यक्षीय ध्येय वाक्य बताते हुए कहा कि आगामी वर्ष में जीवदया, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, निर्धन एवं असहाय बच्चों के शैक्षणिक विकास तथा अन्य जनसेवा के नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से लायंस इंडिया जावरा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। नवनिर्वाचित सचिव संदीप श्रीमाल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि शीघ्र ही पारिवारिक शैक्षणिक यात्रा “जंगल में मंगल”, निर्धन विद्यार्थियों को वस्त्र वितरण तथा ताली दाना गौशाला में वृहद जीवदया कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह में बेटी-दामाद एवं बेटे-बहू का भी सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रुप के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरा आयोजन पारिवारिक आत्मीयता और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रेया एवं शशांक मेहता ने किया तथा अंत में सुनील मेहता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।