

रतलाम। अखिल विश्व गायत्री परिवार, रतलाम के परिजनों द्वारा महू-नीमच रोड फोरलेन स्थित श्री गुरुदेव स्मृति उपवन में गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ गायत्री की उपासना एवं वैदिक यज्ञ से हुआ। यज्ञ एवं संस्कार गायत्री परिवार की आचार्य प्रेमलता साहू, किरण चौहान चार्मी पंवार एवं युवा प्रकोष्ठ प्रदेश समन्वयक विवेक चौधरी के द्वारा संपन्न कराया गया। उपस्थित परिजनों ने अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति, तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए यज्ञ भगवान को आहुतियाँ समर्पित कीं तथा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु दक्षिणा अर्पित कर गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में रतलाम के विजय सिंह चौहान, मदन मोहन साहू, कल्पनाबेन शाह, मालती चौधरी, प्रतिमा शैवाल सहित अन्य कई परिजनों के साथ साथ शांतिकुंज हरिद्वार से युगव्यास के रूप में सम्मानित अग्रज गायत्री परिजन डी.पी. चौधरी की सहभागिता रही। इनके साथ साथ जावरा, पिपलौदा, नागदा, मंदसौर और बड़ौदा गुजरात के परिजन भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर उपस्थित साधकों ने परम पूज्य गुरुदेव द्वारा दिए गए 18 युग निर्माण सत्संकल्पों के अनुरूप जीवन जीने का संकल्प लिया। साथ ही मनुष्य में देवत्व के उदय एवं धरती पर स्वर्ग के अवतरण के महान लक्ष्य की पूर्ति हेतु पर्यावरण संरक्षण, नारी जागरण, नशा मुक्ति, नियमित साधना, स्वाध्याय एवं संस्कारमय जीवन अपनाने का संकल्प लेते हुए गुरुचरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान दीक्षा संस्कार भी संपन्न कराया गया ।। जिसमें सभी साधकों ने आध्यात्मिक जीवन की नई शुरुआत का संकल्प लिया।उल्लेखनीय है कि पूरे विश्व 150 से अधिक देशों में अखिल विश्व गायत्री परिवार के सभी शक्तिपीठों, प्रज्ञापीठों एवं विभिन्न संस्थानों में गुरु पूर्णिमा का यह पावन पर्व प्रतिवर्ष अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाता है।