धरती के बढ़ते तापमान को कम करने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना आवश्यक – श्रीमती मनीषा शर्मा

रतलाम। पेड़ों की निरंतर हो रही कटाई के कारण पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उक्त विचार नगर निगम रतलाम की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने राजा भोज जनकल्याण सेवा समिति द्वारा ऐरावत हिल्स पर आयोजित “एक पेड़ गुरुजनों के नाम” वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पार्षद रत्नदीपसिंह राठौर (शक्ति बना), राजेन्द्रसिंह गोयल (सदस्य, रतलाम विकास प्राधिकरण), समाजसेविका श्रीमती तृप्तिसिंह तथा वरिष्ठ समाजसेवी महेन्द्रसिंह देवड़ा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् डॉ. मुनीन्द्र कुमार दुबे ने की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह पँवार ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरणा लेकर समिति ने “एक पेड़ गुरुजनों के नाम” अभियान प्रारंभ किया है, ताकि उन गुरुजनों की स्मृति चिरस्थायी बनी रहे, जिन्होंने हमें केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी संस्कार भी प्रदान किए।
विशिष्ट अतिथि रत्नदीपसिंह राठौर ने नगर निगम द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
राजेन्द्रसिंह गोयल ने अपने उद्बोधन में सामाजिक संस्थाओं से अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए आगे आने का आह्वान किया। समाजसेविका श्रीमती तृप्तिसिंह ने मातृशक्ति से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। वरिष्ठ समाजसेवी मनोज शर्मा ने बताया कि गत वर्षों में नगरनिगम द्वारा चलाई जा रही मुहिम में लगभग ४५ हजार पौधे, पेड़ का स्वरूप ग्रहण कर चुके हैं।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. मुनीन्द्र कुमार दुबे ने राजा भोज जनकल्याण सेवा समिति की “एक पेड़ गुरुजनों के नाम” मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भी प्रेरणादायी संदेश देता है।
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. अर्जुनसिंह पँवार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए वर्तमान समय में संस्कारों की आवश्यकता पर बल दिया तथा नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा के समक्ष नगर के प्रत्येक वार्ड में संस्कार शाला प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा। इस पर श्रीमती शर्मा ने संस्कार शालाओं के संचालन हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मनजीतसिंह देवड़ा, एसडीओपी (लोक निर्माण विभाग), ने ग्लोबल वार्मिंग की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए रतलाम के बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त की।
इस अवसर पर विनोद झालानी ने वन संरक्षण पर आधारित एक मधुर प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया। हाल ही में सेवानिवृत्त हुए शिक्षक दिनेश कुमार बारोट (सरवन) का अभिनंदन-पत्र भेंट कर सम्मान भी किया गया।
ऐरावत हिल्स पर आयोजित वृक्षारोपण अभियान में बीएससी ग्रुप-92 के सदस्य राजेश पाटिल, अनिल गोयल, श्री दिलीपसिंह बिष्ट, शिक्षक सांस्कृतिक मंच के पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह राठौर, समिति सदस्य के अभिभाषक राजेश शर्मा, दिलीपसिंह राजावत, श्रीमती उमा पॅंवार, कवि ब्रजराजसिंह ब्रज, भवानी प्रतापसिंह सरवन, दिग्विजयसिंह राठौर, गजेन्द्रसिंह चौहान, हेमंतसिंह, उच्च श्रेणी शिक्षक कमलसिंह राठौर, महेन्द्रसिंह सिसोदिया, ऐरावत हिल्स के भूपेन्द्रसिंह नरेड़ी तथा दिग्विजयसिंह भैंसाडाबर ने उल्लेखनीय योगदान देते हुए वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम के अंत में नरेन्द्रसिंह डोडिया ने उपस्थित अतिथियों, समाजसेवियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound