नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

जावरा (अभय सुराणा) । अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन, जावरा की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पीपली बाजार स्थित पोरवाल समाज राम मंदिर में आयोजित हुई। समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं की उपस्थिति में संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा देने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में संगठन विस्तार, समाजसेवा, युवा सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष जितेंद्र काला एवं जिलाध्यक्ष अविनाश पोरवाल ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संगठित युवा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई पहचान मिलेगी और समाजहित के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा। बैठक में अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष सदस्यता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
सर्वसम्मति से घोषित नई कार्यकारिणी में नितिन सेठिया को अध्यक्ष, संदीप पोरवाल को सचिव, विकास पोरवाल को उपाध्यक्ष, माधव पोरवाल को सहसचिव, अनिल पोरवाल को कोषाध्यक्ष तथा राहुल पोरवाल को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। घोषणा के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री देवेश सेठिया, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मांदलिया, अंकुर सेठिया, पीयूष गुप्ता, आकाश पोरवाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं युवा सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी से समाज को एकजुट करने, युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक का समापन पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर पोरवाल समाज अध्यक्ष शिवकुमार सेठिया ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।