रतलाम मंडल ने पश्चिम रेलवे में पहली बार मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग मशीन से 3 घंटे के कॉरिडोर में किया ट्रैक रिन्यूअल

मुंबई-दिल्ली अतिव्यस्त रेलमार्ग पर सीमित समय में गुणवत्तापूर्ण ट्रैक कार्य इंजीनियरिंग विभाग की बड़ी उपलब्धि

रतलाम 31 अगस्त। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने रेलवे ट्रैक की मजबूती एवं सुरक्षित रेल परिचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पश्चिम रेलवे में पहली बार मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग मशीन की सहायता से निर्धारित 3 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक कॉरिडोर में ट्रैक रिन्यूअल का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
मुंबई-दिल्ली के अतिव्यस्त रेलमार्ग पर ट्रेनों के सुचारू परिचालन को बनाए रखते हुए निर्धारित तीन घंटे की सीमित समयावधि में इस प्रकार का गुणवत्तापूर्ण ट्रैक कार्य पूरा करना रतलाम मंडल के इंजीनियरिंग विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक मशीनरी और तकनीक के उपयोग से कम समय में अधिक एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जा सका। यह कार्य गोधरा-दाहोद रेलखंड के कांसुधी-चंचेलाव खंड में डाउन मेन लाइन पर किया गया। कार्य के दौरान पुराने एवं खराब रेल हिस्सों को हटाकर नए रेल पैनल लगाए गए तथा मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग तकनीक से रेलों को जोड़ा गया।

तीन घंटे के कॉरिडोर में किए गए प्रमुख कार्य
निर्धारित समयावधि में कुल 4 नए रेल पैनल लगाए गए। इसके साथ ही 8 फ्लैश बट वेल्डिंग, 4 एसईजे वेल्ड तथा 2 ग्लूट जॉइंट लगाए गए।
कार्य के दौरान 22 पुराने एवं खराब वेल्ड हटाए गए, जिनमें 8 दोषपूर्ण वेल्ड समाप्त किए गए। इसके अलावा 2 वेल्ड का परीक्षण किया गया, जो संतोषजनक पाए गए। ट्रैक पर संभावित वेल्ड संबंधी खराबी को रोकने के लिए 14 एल्युमिनोथर्मिक वेल्ड बनने से भी रोके गए।

कम समय में बेहतर कार्य के लिए टीमवर्क
इस महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित तीन घंटे की समयावधि में पूरा करने के लिए 32 कर्मचारियों की मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग टीम तथा 45 कर्मचारियों की ट्रैक रिन्यूअल टीम तैनात रही। कार्य में एक मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग प्लांट सहित आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों का उपयोग किया गया। कार्य मंडल इंजीनियर (पश्चिम) के मार्गदर्शन में इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की निगरानी में किया गया। कार्य को निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा करने मंा टीआरडी, संकेत एवं दूरसंचार तथा परिचालन विभाग के बीच बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग से मजबूत रेल जोड़
मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग एक आधुनिक तकनीक है, जिसके माध्यम से रेलों को उच्च गुणवत्ता के साथ आपस में जोड़ा जाता है। इससे मजबूत एवं विश्वसनीय रेल जोड़ तैयार होते हैं। विशेष रूप से ऐसे अतिव्यस्त रेलमार्गों पर, जहां ट्रैफिक ब्लॉक की अवधि सीमित होती है, यह तकनीक कम समय में अधिक ट्रैक रिन्यूअल एवं रखरखाव कार्य करने में उपयोगी है।
रतलाम मंडल द्वारा आधुनिक मशीनरी एवं नई तकनीकों के उपयोग से ट्रैक के रखरखाव एवं नवीनीकरण कार्यों को अधिक सुरक्षित, तेज एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के कार्य रेल पथ की विश्वसनीयता बढ़ाने तथा यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुचारू रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इससे रेल पथ की विश्वसनीयता बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुगम रेल परिचालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *