


रतलाम 4 सितंबर । अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत ने सर्किल जेल रतलाम का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल अधीक्षक सर्किल जेल रतलाम श्री लक्ष्मण कुमार सिंह भदौरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा मौजूद थे। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री रावत द्वारा मुख्य द्वार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जेल के अन्दर बंदियों की माननीय न्यायालयों के माध्यम से होने वाले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पेशी हेतु निर्मित वी.सी. पेशी की जानकारी प्राप्त की। बंदियों के इनकमिंग टेलीफोन बूथ देखा तथा बंदियों को मुलाक़ात आदि में दी जाने वाली सुविधा देखी तथा सीसीटीवी कण्ट्रोल रूम कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया।
सर्किल जेल रतलाम के जेल अस्पताल कक्ष एवं नशामुक्ति वार्ड का भ्रमण कर बीमार बंदियों से उनकी बीमारी एवं किये जा रहे उपचार के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। जेल के अस्पताल में बंदियों को दी जाने वाली औषधियाँ चेक की। जेल स्कूल व लाइब्रेरी देखी गई। बंदियों को दी जाने वाली धार्मिक पुस्तकों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। पुरुष बंदी वार्ड एवं महिला वार्ड का भ्रमण कर बंदियों से चर्चा की गई। सिलाई प्रशिक्षण का भी अवलोकन किया। बंदियों के भोजन एवं पेयजल व्यवस्था देखी एवं नवीन जेल निर्माण के सम्बन्ध में जेल अधीक्षक से जानकारी प्राप्त की। जेल अधीक्षक ने जेल स्टॉफ की कमी की समस्या होना बताया ।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री रावत द्वारा सर्किल जेल रतलाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया एवं पूजा अर्चना की। जेल में चल रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना की गई।