महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा संस्कार पाठशाला का आयोजन

संस्कार सफलता का मूल मंत्र – डॉ.प्रदीप जैन

रतलाम। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा अजंता रोड स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में संस्कार पाठशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए संस्था अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि संस्कार सफलता का मूल मंत्र है। शिक्षा और संस्कार से लक्ष्य प्राप्ति संभव है। छात्र लक्ष्य निर्धारित कर संस्कारों के साथ योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे तो सफलता कदम चूमेगी।
संस्कार पाठशाला का शुभारंभ सामूहिक महावीर प्रार्थना से हुआ। योग गुरु विशाल वर्मा ने विद्यार्थियों को प्राणायाम और योगासन करवा कर स्वस्थ और संस्कारित जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। पेसिफिक ट्यूटोरियल के प्रशांत छाजेड़ ने माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान के साथ उनके द्वारा दिए गए संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। शिक्षा समन्वयक अधिकारी विवेक नागर ने महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा विभिन्न शासकीय विद्यालयों में किये जा रहे सेवा कार्यों को सराहनीय बताया। संस्थापक सचिव महेंद्र छाजेड़ ने बताया कि महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल अन्य विद्यालयों में भी शीघ्र ही इस प्रकार की संस्कार पाठशाला का आयोजन कर प्रतिभावान छात्रों का मार्गदर्शन कर आत्मनिर्भर बनने में यथासंभव मदद करेगा। इस अवसर पर महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा विद्यार्थियों को लेखन, पाठ्य और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। विद्यालय प्राचार्या राधा पाटीदार अतिथि ने स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *