
उल्लेखनीय सेवाओं हेतु संघवी वंशराजजी भंसाली व बाबूलालजी शेखानी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित
अहमदाबाद । नगर की अग्रणी संस्था राजस्थान सेवा समिति का 66वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार (5.10.26) को अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 9:30 बजे मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ।
मुकेश आर. चौपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के चेयरमैन युवा उद्यमी व भामाशाह श्री गणपतराजजी चौधरी ने सभी उपस्थित अतिथियों व गणमान्यजनों का स्वागत करते हुए राजस्थान सेवा समिति द्वारा संचालित राजस्थान स्कूल के विकास कार्यों व स्कूल नवीनीकरण कार्यों की विस्तृत रूप से जानकारी साझा करते हुए स्कूल में विद्यार्थियों के शिक्षा हेतु उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी दी व विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करने वाले सभी समाज बंधुओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की । तत्पश्चात स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष गीत “राजस्थान सेवा समिति का जहां हुआ सृजन” की सुंदर प्रस्तुति पेश हुई व प्री प्राइमरी कक्षा के करीब 40 बच्चों ने भगवान महावीर के चौदह स्वप्नों पर आधारित “जन्मे है परम दयालु तीन लोक के नाथ खुशी की है बात” गीत पर सुंदर प्रस्तुति पेश करके समारोह में उपस्थिति जनमेदनी का दिल जीत लिया । समारोह के दौरान समिति द्वारा निस्वार्थ सेवा के कर्मयोगी , उदार हृदयी, समाज और संस्था में उत्कृष्ट योगदान के लिए संघवी श्री वंशराजजी भंसाली तथा श्री बाबूलालजी शेखानी ट्रस्टी को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया व अभिनंदन किया गया । चेयरमैन गणपतराज चौधरी ने संबोधित करते हुए बताया कि सम्मानित होने वाले दोनों व्यक्तित्व बहुमुखी प्रतिभा के धनी व विभिन्न संस्थाओं में तन मन धन से सेवाओं का समर्पण करते है । जीवन में अच्छे कार्य संपन्न करने के लिए थकान महसूस नहीं करते व जिस कार्य का बीड़ा उठाते है उसे कुशलतापूर्वक पूर्ण करने में अहम भूमिका निभाते है । कार्यक्रम दरम्यान संस्था में नवनिर्मित लिफ्ट एवं बायो लैब का उद्घाटन किया गया, लिफ्ट के दानदाता श्री ओमप्रकाशजी व तनसुखराजजी श्रीश्रीमाल (सिटीजन सोलर लिमिटेड) एवं बायो लैब के दानदाता श्री भूपतराजजी कांटेड़ रहे व इनका भी अभिनंदन संस्था द्वारा किया गया ।
शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों में श्री तालुकदारजी सिंह चंदेल (ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल) एवं श्रीमती शांति शर्मा (राजस्थान हिंदी हाई स्कूल) को ‘ज्ञान सेवा सम्मान पुरस्कार’ से नवाजा गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट अध्यापकों को ‘बेस्ट टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। संस्था के सचिव श्री दीपचंद बाफना के सेवा कार्यों की भी सराहना की गई व बेहतरीन अध्ययन प्रदान करने हेतु स्कूल के प्रिसिपल , अध्यापक व पूरे मैनेजमेंट को भी बधाई देकर उनकी प्रशंसा की ।
लाइफ़ टाइम अचीवमेंट से सम्मानित गढ़ सिवाना निवासी संघवी वंशराजजी भंसाली ने संबोधन में बताया कि संस्था का सेवा कार्य बहुत ही अच्छा कार्य है । करीबन 50 वर्षों से इस विद्यालय के साथ जुड़कर काफी कुछ सीखने को मिला व संस्था सामान्य फीस में बेहतरीन शिक्षा सुविधा उपलब्ध करवा रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सभी को आर्थिक सहयोग करने के प्रेरणा भी प्रदान की व सम्मान प्रदान करने हेतु आभार प्रकट किया ।
बाबूलालजी शेखानी ने उदबोधन में बताया कि उन्होंने स्वयं राजस्थान स्कूल में शिक्षार्जन किया व परिवार के सदस्यों ने इस ज्ञान के मंदिर में शिक्षा प्राप्त की।
संस्था में 41 वर्षों से जुड़े हुए है व सेवा का अवसर मिला जो जीवन की अनमोल पूंजी है । संस्था का मुख्य ध्यान केंद्रित करते है कि बच्चों का सर्वांगीण विकास कैसे हो इस लक्ष्य से कार्य करते है व विद्यालय का मैनेजमेंट भवन का सुविधायुक्त नवीनीकरण बहुत ही सुन्दर हुआ है जिससे अच्छे वातावरण में बच्चे अध्ययन पर ध्यान आकृष्ट कर सके ।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के चेयरमैन श्री गणपतराजजी चौधरी एवं सह चेयरमैन श्री बाबूलालजी शेखानी ने पधारे सभी अतिथियों, दानदाताओं, शिक्षकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।