वाघेला गौ सेवा जीव दया समिति का मालवा क्षेत्र का प्रसिद्ध महा अन्नकूट आयोजन 17 नवंबर को, 10 से अधिक गौशालाओं की गौमाताएं होंगी शामिल


रतलाम। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर वाघेला गौ सेवा जीव दया समिति द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध गौ माता महा अन्नकूट का भव्य आयोजन मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा। आयोजन सैलाना रोड स्थित गंगासागर पानी की टंकी के समीप मांगल्य मंदिर, जेवीएल परिसर में स्थित श्री कृष्ण कामधेनु गौशाला में होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे गौ माता की आरती के साथ किया जाएगा।
समिति प्रमुख दिनेश वाघेला ने बताया कि इस वर्ष नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 10 से अधिक गौशालाओं की लगभग 5 हजार गौ माताओं के लिए 25 क्विंटल मिष्ठान लापसी तैयार की जाएगी। आयोजन में पधारने वाले गौभक्त अपने हाथों से गौ माताओं को लापसी खिलाकर गौ सेवा का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
इस पुनीत आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में संत श्री महंत आत्मानंद जी सरस्वती (शृंगेरी मठ), श्री श्री 1008 देव स्वरूपानंद जी महाराज (श्री अखंड ज्ञान आश्रम), श्री सुजानंद जी महाराज, श्री महर्षि ब्रह्मचारी शिवशंकर दवे एवं गौशाला प्रमुख श्री सुदामा जी का सानिध्य प्राप्त होगा।
समिति की ओर से नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं एवं बहनों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में उपस्थित होकर गौमाता की सेवा में सहभागी बनने तथा धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।